Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिलाधिकारी ने किया आकस्मिक निरीक्षण

सनसनी अबतक | मनोज दुबे
भदोही। जनपद में निर्माणाधीन वाणिज्य कर विभाग परियोजना, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, कृषि भवन और सूचना संकुल के भूमि चिन्हांकन का जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने गुरुवार को आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। करीब 8 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी भवन खंड मिर्जापुर के अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना का समस्त कार्य जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं समय-समय पर प्रगति समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में आने वाली बाधाओं का त्वरित निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनपद के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और विभागीय कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित मल्टीपरपज हॉल तथा अधिकारियों के लिए टाइप-4 एवं टाइप-5 आवासों के निर्माण हेतु भूमि चिन्हांकन कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा तहसील ज्ञानपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, कृषि भवन और सूचना संकुल के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी सिंह, एसडीएम ज्ञानपुर भानसिंह, तहसीलदार ज्ञानपुर सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।