महापौर सहित शहर के कई गणमान्य लोगों ने की स्वगणना, नागरिकों से भी सक्रिय सहभागिता की अपील
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार।वसई-विरार शहर महानगरपालिका द्वारा जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत शुरू किए गए स्वगणना अभियान को शहर में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। 1 मई 2026 से शुरू हुई इस प्रक्रिया में महापौर अजीव पाटील सहित शहर के अनेक राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक, साहित्यिक और व्यावसायिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों ने स्वयं स्वगणना कर नागरिकों को प्रेरित किया।
महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराए। प्रशासन के अनुसार स्वगणना प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और समय बचाने वाली है, जिससे नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, पायाभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य सार्वजनिक सेवाओं की योजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसी उद्देश्य से शहरभर में विभिन्न माध्यमों से जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है।
महानगरपालिका ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे जनगणना स्वगणना पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से https://se.census.gov.in पर लॉगिन करें, सही जानकारी भरें तथा प्राप्त होने वाले SE ID को सुरक्षित रखें। बाद में जनगणना के लिए आने वाले प्रगणक को यह SE ID उपलब्ध कराना होगा।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि अधिक से अधिक नागरिक स्वगणना में भाग लेकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएंगे, जिससे जनगणना प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बन सकेगी।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण