सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। नालासोपारा पूर्व के संतोष भवन इलाके में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। पेट्रोल पंप के पीछे स्थित एक आटा चक्की का शटर खुलते ही अंदर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान उमेश यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, इस हत्या के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। आरोपी घटना के बाद फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।
इस निर्मम हत्या के बाद संतोष भवन और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

More Stories
बोईसर में बिजली समस्याओं पर सक्रिय हुए विधायक विलास तरे, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नाला बना ‘कमाई का जरिया’, अब बना कानूनी शिकंजा
“मैं नहीं वैसा – चल ला पैसा!”