सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका में महासभा एवं स्थायी समिति द्वारा मंजूर किए गए विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक माननीय महापौर अजीव पाटील की अध्यक्षता में महानगरपालिका मुख्यालय में संपन्न हुई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के विकास प्रकल्पों की प्रगति का आकलन कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करना था, ताकि नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जा सकें। पूर्व बैठकों में सड़क, पानी आपूर्ति, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। इन्हीं प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति और प्रशासनिक स्तर पर चल रही कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान यह भी जांचा गया कि मंजूर प्रस्तावों में से कितने निविदा (टेंडर) प्रक्रिया में हैं, किन कार्यों की शुरुआत हो चुकी है और कौन से कार्य अभी लंबित हैं। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निविदा और कार्यादेश स्तर पर अटकी परियोजनाओं को तत्काल गति दी जाए।
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों पर भी चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए स्पष्ट टाइमलाइन भी निर्धारित की गई।
महापौर ने प्रशासनिक देरी को खत्म कर विकास कार्यों में तेजी लाने और स्वीकृत निधि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उपमहापौर मार्शल लोपीस, स्थायी समिति के सभापति प्रवीण शेट्टी, अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे सहित महानगरपालिका के सभी अधिकारी, विभाग प्रमुख और कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण