7 मई से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया, HLO ऐप से रियल-टाइम डेटा एंट्री
सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। भारत की जनगणना 2027 को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए भदोही में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह गोष्ठी उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एनआईसी सभागार में संपन्न हुई।बैठक में प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सहभागिता करते हुए संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को तकनीकी रूप से सरल, तेज और प्रभावी बनाया गया है। जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा 7 मई से 21 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान आम नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने जनपदवासियों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और राष्ट्र निर्माण के इस महाभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। जनगणना कार्य में लगे प्रगणक (Enumerators) और पर्यवेक्षक (Supervisors) द्वारा HLO ऐप का उपयोग किया जाएगा। मकान सूचीकरण एवं आवास गणना से जुड़ा पूरा डेटा इसी ऐप के माध्यम से रियल-टाइम दर्ज किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। जो नागरिक स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके लिए 22 मई से 20 जून 2026 के बीच प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य करेंगे। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण सत्र समय से पूरा करने, प्रगणकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी मकान या परिवार गणना से वंचित न रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल