सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
मुंबई। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद महाराष्ट्र में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। अन्न, नागरी पुरवठा व ग्राहक संरक्षण विभाग के अपर मुख्य सचिव अनिल डिग्गीकर ने सोमवार को मंत्रालय में आयोजित पत्रकार परिषद में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीज़ल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है।
डिग्गीकर के अनुसार, राज्य में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की संख्या बढ़कर 25.36 लाख हो गई है। पिछले एक महीने में 73 हजार नए कनेक्शन जोड़े गए हैं। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) पाइपलाइन के लिए ‘डीम्ड परमिशन’ लागू किए जाने से नेटवर्क विस्तार में तेजी आएगी। जिन क्षेत्रों में पीएनजी उपलब्ध है, वहां 30 जून तक इसका उपयोग अनिवार्य किया जाएगा, जबकि अन्य क्षेत्रों में एलपीजी की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी।
राज्य में 24 तेल डिपो के माध्यम से 8,100 पेट्रोल पंपों को ईंधन आपूर्ति की जा रही है। प्रतिदिन लगभग 18,500 किलोलीटर पेट्रोल और 40,000 किलोलीटर डीज़ल वितरित किया जा रहा है। 1 से 4 अप्रैल के बीच बिक्री सामान्य रहने से किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं बनी है।
शिधा नियंत्रक चंद्रकांत डांगे ने बताया कि राज्य में 23 बॉटलिंग प्लांट्स के जरिए 2,200 वितरकों द्वारा 3.5 करोड़ उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है। रोजाना औसतन 5.82 लाख सिलेंडर रिफिल वितरित किए जा रहे हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) प्रणाली लागू की गई है, जबकि 95 प्रतिशत बुकिंग अब ऑनलाइन माध्यम से हो रही है।
व्यावसायिक एलपीजी आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से नियंत्रित किया गया है। आवश्यक सेवाओं को 100 प्रतिशत, रक्षा, रेलवे और पुलिस को 70 प्रतिशत तथा उद्योगों को 20 से 50 प्रतिशत तक आपूर्ति दी जा रही है। होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को अतिरिक्त 20 प्रतिशत प्राथमिकता आवंटन दिया गया है।
कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए राज्यभर में सख्त कार्रवाई की जा रही है। 1 मार्च से 6 अप्रैल के बीच 14,329 छापों में 3,628 सिलेंडर जब्त किए गए, 53 मामले दर्ज हुए और 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जब्त गैस और वाहनों की कुल कीमत 2.38 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
एलपीजी आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए राज्य सरकार ने 9769919221 व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। 17 मार्च से 6 अप्रैल के बीच 2,409 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनके निवारण की प्रक्रिया जारी है।
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि जहां पीएनजी सुविधा उपलब्ध है, वहां इसका अधिक से अधिक उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण