Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

भदोही में “स्कूल चलो अभियान” का भव्य शुभारम्भ, जन-जागरूकता रैली निकाली गई

सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। जनपद भदोही में नए शैक्षिक सत्र के प्रथम दिन “स्कूल चलो अभियान” के तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन के उद्देश्य से बुधवार को जिला स्तरीय जन-जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 1 से 8) चितईपुर, ज्ञानपुर से निकाली गई।

रैली को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं रैली में शामिल होकर इसका नेतृत्व भी किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय के निर्देशन में हुआ, जिसमें निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली के दौरान बच्चों ने “स्कूल चलो, स्कूल चलो”, “नामांकन से एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा”, “पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे, देश का मान बढ़ाएंगे” और “बेटा-बेटी एक समान, सबको शिक्षा सबको ज्ञान” जैसे प्रेरक नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। रैली का संचालन प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार पाल द्वारा किया गया।

रैली के उपरांत विद्यालय परिसर में प्रवेश उत्सव, पुरस्कार वितरण समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि 6 से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए, चाहे वह प्रवासी परिवार से हो या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से संबंधित हो। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन के साथ-साथ बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के हरित व सुसज्जित वातावरण, टीएलएम युक्त कक्षाओं, आईसीटी उपकरणों तथा पुस्तकालय की सराहना करते हुए इसे शिक्षकों की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम बताया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल व टीवी से दूरी बनाकर पुस्तकें, समाचार पत्र और लेख पढ़ने की प्रेरणा दी।

मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा छात्रों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, बैग, जूते-मोजे, स्वेटर, मध्यान्ह भोजन, फल, दूध तथा डीबीटी के माध्यम से ₹1200 की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, स्टेशनरी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, वहीं नवप्रवेशी बच्चों का माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, ड्रेस एवं बैग वितरित किए गए।

कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जागरूकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति जनसमर्थन स्पष्ट रूप से देखने को मिला।