सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
जौनपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर और उत्तर प्रदेश में विकास एवं सतत संवृद्धि के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद जौनपुर के प्रेक्षागृह में शनिवार (21 मार्च 2026) को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से मातृ शक्ति, महिला स्वावलंबन, सम्मान और सुरक्षा को समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी समूह की महिलाओं द्वारा फीता काटकर किया गया, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बना।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं बीसी सखियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन किया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में ‘वेदिका फूड्स’ द्वारा सराहनीय पहल की गई। जिलाधिकारी ने समूह से जुड़ी 9 महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में सृजन समूह की सुनिधि चौहान, ई-देवी समूह की सुनीता पाल, सत्यजीत समूह की रामरती, तुलसी आजीविका समूह की बल्ली, लक्ष्मी समूह की रंजना पाल, कृष्णा समूह की रीमा सिंह, शीतला समूह की शोभावती, दुर्गा समूह की सीमा तथा गंगा समूह की संगीता शामिल रहीं। ये सभी महिलाएं ‘वेदिका फूड्स’ के माध्यम से गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल उत्पाद—जैसे दीया, गमला, हवन टीका और कंडा—तैयार कर आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय योगदान दे रही हैं।
नवरात्रि के अवसर पर जिलाधिकारी ने समूह की महिलाओं को मुख्य अतिथि के रूप में विशेष सम्मान प्रदान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और पिछले नौ वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत भी बन रही हैं। सरकार द्वारा महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री युवा अभियान के तहत ब्याज मुक्त ऋण सहायता भी शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की। ‘वेदिका फूड्स’ के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई।
अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को वासंतिक नवरात्रि एवं ईद की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षित करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल