Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

पेल्हार पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, पेशेवर वाहन चोर गिरफ्तार; स्कूटी चोरी के दो मामलों का पर्दाफाश

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार: नालासोपारा पूर्व स्थित पेल्हार पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन शाखा टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पेशेवर वाहन चोर को गिरफ्तार कर दो मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा किया है। क्राइम डिटेक्शन शाखा की मुस्तैदी से न सिर्फ आरोपी को दबोचा गया, बल्कि चोरी की गई स्कूटी के पार्ट्स भी बरामद कर लिए गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 28 फरवरी से 2 मार्च 2026 के बीच तुंगारेश्वर रोड स्थित मंगलमूर्ति अपार्टमेंट, तुंगार फाटा (वसई पूर्व) परिसर से होंडा डियो स्कूटी (MH-48 AP-7884) चोरी हो गई थी। इस मामले में शिक्षिका पूजा विजय डामोर (35) की शिकायत पर पेल्हार पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबळे के मार्गदर्शन में क्राइम डिटेक्शन शाखा ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रदीप सोमनाथ बनर्जी (46) नामक सराईत अपराधी को गिरफ्तार किया। आरोपी वाघरेलपाड़ा, वालीव (वसई) का निवासी है और मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि चोरी की गई स्कूटी को उसने ग्राइंडर मशीन से काटकर उसके पार्ट्स कबाड़ में बेच दिए थे। पुलिस ने कबाड़ी जोखू हनुमान गौतम (50) को भी हिरासत में लेकर चोरी के वाहन के पार्ट्स बरामद कर लिए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी जिस एक्टिवा स्कूटी (MH-04 GT-0389) का इस्तेमाल कर रहा था, वह भी उसने मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित जानुपाड़ा इलाके से चुराई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी प्रदीप बनर्जी एक सराईत अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ के दौरान पेल्हार पुलिस स्टेशन का एक और तथा मुंबई के समतानगर पुलिस स्टेशन का एक मोटरसाइकिल चोरी का मामला भी उजागर हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस उप आयुक्त (परिमंडल 03) सुहास बावचे और सहायक पुलिस आयुक्त (विरार डिविजन) बजरंग देसाई के मार्गदर्शन में, पेल्हार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन कांबळे देखरेख पर क्राइम डिटेक्शन शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक रमेश वाघचौरे, पुलिस उप निरीक्षक तुकाराम भोपले, सहायक पुलिस उप निरीक्षक योगेश देशमुख, पो हवा तानाजी चव्हाण, बाल्मीक पाटील, रवि वानखेड़े, किरण आव्हाड, अभिजीत नेवारे, अशोक परजने, वाशिम शेख, निखिल घोरपड़े, अनिल वाघमारे ने की है।