Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

पालघर में घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर न दें ध्यान : जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। वैश्विक स्तर पर बन रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच घरेलू एलपीजी गैस की कमी को लेकर कुछ स्थानों पर अफवाहें फैलने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने इन खबरों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि पालघर जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।

जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने की कोशिश न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि घरेलू एलपीजी गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जा सकता है। यदि इसका व्यावसायिक या अन्य अनधिकृत उपयोग पाया गया तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के नियमों के अनुसार साठेबाजी और कालाबाजारी रोकने के लिए दो सिलेंडर बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिनों का अंतर अनिवार्य रखा गया है। यानी एक सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक किया जा सकता है।

जिले के सभी गैस वितरकों को निर्देश दिए गए हैं कि ग्राहकों द्वारा बुकिंग किए जाने के बाद नियमों के अनुसार यथासंभव जल्द सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करें। यदि बुकिंग या डिलीवरी से संबंधित कोई तकनीकी समस्या आती है तो नागरिक संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं।

शिकायत निवारण के लिए जिला प्रशासन ने 02525-297474 तथा 8983456347 (व्हाट्सएप) नंबर जारी किए हैं, जहां नागरिक फोन या संदेश के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आश्रमशालाओं, अस्पतालों और मध्यान्ह भोजन योजना जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित रूप से जारी रहेगी। इन संस्थानों को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर संबंधित वितरक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. जाखड़ ने कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए नागरिक संयम बनाए रखें, नियमित रूप से गैस का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें।