Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

नालासोपारा में प्लास्टिक कंपनी में भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार।वसई-विरार के नालासोपारा पूर्व स्थित चौधरी वजन कांटा के सामने चैंपियन कंपाउंड में सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे एक प्लास्टिक कंपनी में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलने के कारण दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही वसई फायर स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। प्रारंभ में दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए दो और दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

बताया जाता है कि जिस कंपनी में आग लगी, वहां प्लास्टिक दाने से विभिन्न प्रकार के प्लास्टिक उत्पाद बनाए जाते थे। आग एक गाला तक सीमित नहीं रही, बल्कि तीन से चार गालों में फैल गई, जिससे अंदर रखा पूरा माल जलकर खाक हो गया।

हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।