Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

नारंगी जेट्टी क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार, सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन

विधायक राजन नाईक के प्रयासों से यात्रियों को मिलेगा बड़ा राहत

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार क्षेत्र के नागरिकों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से विकसित की गई नारंगी जेट्टी परिसर में सड़क मजबूतीकरण व अन्य सुविधाओं के कार्यों का भूमिपूजन भाजपा विधायक राजन नाईक के हाथों संपन्न हुआ। इन कार्यों के लिए विधायक नाईक ने विशेष पहल की है।

विरार पश्चिम स्थित नारंगी जेट्टी से नारंगी–खारवाडेश्री और जलसार तक रो-रो फेरी सेवा शुरू की गई है। इस सेवा के शुरू होने से विरार से पालघर के बीच का सफर अब मात्र 15 से 20 मिनट में पूरा हो रहा है, जिससे अहमदाबाद हाईवे पर होने वाली भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से नागरिकों को काफी राहत मिली है।

हालांकि विरार से नारंगी जेट्टी जाने वाली सड़क काफी समय से खराब स्थिति में थी और जेट्टी परिसर में भी रंग-रोगन व अन्य मरम्मत कार्यों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए विधायक राजन नाईक ने राज्य के मत्स्यव्यवसाय एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे से लगातार संपर्क कर इन कार्यों के लिए पहल की।

मंत्री राणे के निर्देश पर महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड ने आवश्यक निधि मंजूर की है। इसके तहत जेट्टी तक जाने वाली सड़क के मजबूतीकरण के लिए 5 करोड़ 66 लाख रुपये, जबकि रो-रो जेट्टी पर इपॉक्सी पेंटिंग और अन्य सुविधाओं के लिए 3 करोड़ 90 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन दोनों विकास कार्यों का भूमिपूजन विधायक राजन नाईक के हाथों संपन्न हुआ। उम्मीद जताई जा रही है कि डेढ़ वर्ष के भीतर सभी काम पूरे हो जाएंगे, जिससे क्षेत्र के नागरिकों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष व नगरसेविका प्रज्ञा पाटील, विरोधी पक्षनेता मनोज पाटील, भाजपा जिला महामंत्री मनोज बारोट, गटनेता अशोक शेळके, नगरसेवक गौरव राऊत, शिवसेना नेता सुदेश चौधरी, नगरसेविका सानवी येदे, नगरसेवक जितेश राऊत, रवी पुरोहित, मेहुल शहा, मंडल अध्यक्ष विशाल राऊत सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मंत्री नितेश राणे और विधायक राजन नाईक का आभार व्यक्त किया है।