सनसनी अबतक | मनोज तिवारी
भदोही। होली के दिन हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। सियरहा गांव के रहने वाले युवक विशाल उर्फ सोनू सरोज की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भदोही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज कुछ घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सियरहा निवासी सुरेंद्र प्रताप सरोज ने भदोही कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र विशाल उर्फ सोनू सरोज 4 मार्च की रात अपने साथी विनय सरोज के साथ मोटरसाइकिल से करियांव रोड स्थित मोढ़ बाजार में शराब लेने गया था। इसी दौरान वहां पर भोनू हलवाई और सोनू हलवाई पुत्रगण गौरीशंकर निवासी सियरहा से उसका विवाद हो गया।
बताया जाता है कि झगड़ा बढ़ने पर विनय सरोज डर के कारण मौके से अपने घर बरमोहिनी भाग गया। वहीं विशाल को अकेला पाकर दोनों आरोपियों ने उसे डंडे से बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भदोही पुलिस हरकत में आ गई। इस संबंध में थाना भदोही में मु0अ0सं0 93/26 के तहत धारा 105 बीएनएस और 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर सुरियावां-भदोही रोड स्थित मकनपुर तिराहे से दोनों आरोपियों भोनू हलवाई (35 वर्ष) और सोनू हलवाई (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक डंडा (आलाकत्ल) भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू हलवाई के खिलाफ वर्ष 2003 में भी थाना भदोही में आपराधिक मुकदमा दर्ज रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
उपनिरीक्षक शशांक बाजपेयी, हेड कांस्टेबल रमेश चंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल दिनेश यादव की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

More Stories
100 क्षय रोगियों को मिली पोषण पोटली, डीएम ने किया वितरण
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
वाराणसी जोन पुलिस की डिजिटल पहल