Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

वसई-विरार में अवैध फेरीवालों पर महानगरपालिका की बड़ी कार्रवाई, कई टपरे और शेड हटाए गए

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण और अवैध फेरीवालों के खिलाफ गुरुवार (5 मार्च 2026) से सख्त अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी (आईएएस) के निर्देश और अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत के मार्गदर्शन में महानगरपालिका की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

महानगरपालिका के अनुसार रेलवे स्टेशनों के आसपास अवैध रूप से बैठने वाले फेरीवालों के खिलाफ पिछले सप्ताह संबंधित प्रभाग समितियों द्वारा विशेष अभियान चलाकर कई स्थानों को खाली कराया गया था। इसके अलावा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए स्टॉल और टपरे हटाने की कार्रवाई रोजाना जारी है।

वालीव क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई

5 मार्च को प्रभाग समिति ‘जी’ वालीव के अंतर्गत सहायक आयुक्त निलेश म्हात्रे के नेतृत्व में अतिक्रमण विभाग ने सातिवली खिंड से वालीव फाटा और भोईदापाडा क्षेत्र में अवैध फेरीवालों पर कार्रवाई की। इस दौरान जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनाए गए ढांचे तोड़े गए। कार्रवाई में कुल 41 टपरे, 23 पत्राशेड और 25 बांस के शेड हटाए गए।

प्रभाग ‘बी’ में भी चला बुलडोजर

प्रभाग समिति ‘बी’ के अंतर्गत राधाकृष्ण होटल से कारगिलनगर तक मुख्य सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए स्टॉल और टपरे हटाए गए। सहायक आयुक्त अलका खैरे के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में 23 टपरे और 9 बांस के शेड तोड़कर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया।

नालासोपारा स्टेशन क्षेत्र में भी कार्रवाई

प्रभाग समिति ‘ई’ नालासोपारा के अंतर्गत नालासोपारा पूर्व के मुख्य मार्ग और स्टेशन परिसर में सहायक आयुक्त विजय शिंदे के नेतृत्व में अवैध फेरीवालों को हटाकर क्षेत्र को खाली कराया गया।

महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात और आम नागरिकों की आवाजाही में बाधा बनने वाले अवैध फेरीवालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी ने सभी फेरीवालों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।