गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों की परेशानी पर महापौर को सौंपा पत्र
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
नालासोपारा: वसई-विरार शहर महानगरपालिका के वार्ड प्रभाग 8 (क) के BVA नगरसेवक पंकज पाटील ने धानीव स्थित बिलालपाड़ा स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इस संबंध में महापौर को शुक्रवार (27 फरवरी 2026) को विस्तृत पत्र देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

धानीव क्षेत्र में संचालित बिलालपाड़ा स्वास्थ्य केंद्र चौथी मंजिल पर स्थित है, जिससे गंभीर रूप से बीमार नागरिकों और विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में किए गए स्थल निरीक्षण के दौरान नगरसेवक पाटील ने स्वयं नागरिकों की परेशानी को देखा और इसे “मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा गंभीर विषय” बताया।

स्वास्थ्य केंद्र में शौचालय की व्यवस्था नहीं है और बैठने के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध नहीं है। मरीजों और उनके परिजनों को सीढ़ियों पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है, जो व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
धानीव क्षेत्र के संतोष भुवन, बिलालपाड़ा और आसपास के इलाकों से नागरिक लगभग 4 किलोमीटर दूर से उपचार के लिए यहां पहुंचते हैं। यह क्षेत्र मुख्य रूप से दिहाड़ी मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का है। स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए लोगों को लगभग 50 रुपये तक का वाहन भाड़ा खर्च करना पड़ता है, जो उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ साबित हो रहा है।
नगरसेवक पंकज पाटील ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि बिलालपाड़ा गांव में नए स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य पिछले तीन वर्षों से जारी है, लेकिन काम की गति बेहद धीमी है। उन्होंने मांग की है कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए और कम से कम ग्राउंड फ्लोर को तत्काल स्वास्थ्य विभाग के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही, जब तक नया भवन पूर्ण रूप से तैयार नहीं हो जाता, तब तक क्षेत्र में अस्थायी रूप से आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है, ताकि गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को राहत मिल सके।
अब देखना यह है कि महानगरपालिका प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है और धानीव क्षेत्र के नागरिकों को कब तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से राहत मिल पाती है।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण