भाजपा विधायक राजन नाईक ने सार्वजनिक निर्माण मंत्री को सौंपा ज्ञापन
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। राज्य में जारी बजट सत्र के बीच 6 मार्च को पेश होने वाले राज्य के आम बजट से पहले वसई-विरार क्षेत्र के विकास को लेकर मांग तेज हो गई है। भाजपा विधायक राजन नाईक ने वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में पुलों और कंक्रीट सड़कों के निर्माण हेतु 19 करोड़ रुपये की बजटीय मंजूरी देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने राज्य के सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले को शनिवार (28 फरवरी 2026) को औपचारिक पत्र सौंपा है।

विधायक नाईक ने अपने पत्र में कहा है कि तेजी से हो रहे शहरीकरण के कारण वसई तालुका और वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। कई प्रमुख मार्गों की हालत खराब होने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि आगामी बजट में इन परियोजनाओं के लिए विशेष प्रावधान किया जाता है तो क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार संभव है।
इन परियोजनाओं के लिए मांगी गई राशि में खार्डी-डोलीव मार्ग पर बड़े पुल के निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये, वैतरणा स्टेशन से डोलीव गांव तक कंक्रीट सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये और एसटी डेपो से पारनाका-अर्नाला-कनेर-शिरसाड-अंबाडी मार्ग के लिए 7 करोड़ 50 लाख रुपये शामिल है।
विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं को मंजूरी मिलने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। भाजपा के महासचिव मनोज बारोट ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह मांग क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को ध्यान में रखकर की गई है। अब सभी की निगाहें आगामी बजट में सरकार के फैसले पर टिकी हैं।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण