Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

मौजे मोरे में स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का काम तुरंत शुरू करने की मांग तेज

नेता विपक्ष मनोज पाटिल के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त से की मुलाकात

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। भारतीय जनता पार्टी ने वसई-विरार नगर निगम क्षेत्र के मोरे में स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के निर्माण में हो रही देरी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने नेता विपक्ष मनोज पाटिल के नेतृत्व में नगर आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी से मंगलवार (24 फरवरी 2026) को मुलाकात कर तत्काल कार्य शुरू कराने की मांग की।

मामला वसई-विरार नगर निगम के प्रभाग क्रमांक 10, मौजे मोरे, सर्वे संख्या 314 से जुड़ा है, जहां सामान्य विकास नियंत्रण नियमों की आवास नीति के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत है। प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बावजूद अब तक जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।

“जनहित से जुड़ा है मामला”

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त को बताया कि यह परियोजना पूरी तरह जनहित में है और क्षेत्र की बढ़ती आबादी के लिए अत्यंत आवश्यक है। खास बात यह है कि इस स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण संबंधित डेवलपर द्वारा किया जाना है, जिससे नगर निगम पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डेवलपर द्वारा काम में देरी नियमों का उल्लंघन है और यह स्थानीय नागरिकों के बुनियादी स्वास्थ्य अधिकारों की अनदेखी है। बढ़ती जनसंख्या और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता देना अनिवार्य है।

समय-सीमा तय कर सख्त कार्रवाई की मांग

भाजपा नेताओं ने आयुक्त से मांग की कि डेवलपर को तत्काल निर्माण कार्य शुरू करने के सख्त निर्देश दिए जाएं। परियोजना के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए। निर्धारित समय में काम शुरू न होने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे पर किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आयुक्त ने दिया आश्वासन

आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी ने मामले की गंभीरता स्वीकार करते हुए उचित और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के पार्षद पंकज देशमुख, मेहुल शाह, जीतू पाटिल, गंगेश्वर श्रीवास्तव, सानवी यंदे, भायदे सहित स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मोरे में प्रस्तावित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण अब राजनीतिक और जनस्वास्थ्य का अहम मुद्दा बन चुका है। प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर स्थानीय नागरिकों की निगाहें टिकी हैं।