मुंबई। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने “ऑपरेशन नार्कोस” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवध एक्सप्रेस से 13.834 किलोग्राम चरस बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 13 करोड़ 83 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। बरामद माल को आगे की जांच के लिए राजकीय रेलवे पुलिस बांद्रा को सुपुर्द कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त,पश्चिम रेलवे के नेतृत्व में तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त संतोष सिंह राठौड़ के दिशा-निर्देशन में की गई। सहायक सुरक्षा आयुक्त रजत कुंदगीर के मार्गदर्शन में तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त अजीत डी. माने और कल्याण डी. मोरे के निर्देशन में ट्रेनों में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी को शाम करीब 4:20 बजे गाड़ी संख्या 19038 अवध एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची। ट्रेन को लॉक करने के दौरान ईएमसी ड्यूटी पर तैनात आरक्षक मुकेश मंगवा को गार्ड के पास स्थित सामान्य कोच में एक लावारिस बैग मिला। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ड्यूटी अधिकारी उपनिरीक्षक प्रभाकर राव को दी। मौके पर निरीक्षक बांद्रा टर्मिनस जगदीश प्रसाद जाट और कार्यभार निरीक्षक आरपीएफ बांद्रा लोकल राजेंद्र कुमार शर्मा को सूचित किया गया। इसके बाद जीआरपी बांद्रा, डीएससीआर मुंबई सेंट्रल तथा आरपीएफ डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। करीब 7:15 बजे आरपीएफ के नार्को विशेषज्ञ डॉग “टैंगा” ने बैग में मादक पदार्थ होने की पुष्टि की। इसके बाद जीआरपी बांद्रा के नार्को डॉग “रॉकी” ने भी इसकी पुष्टि की। मौके पर एपीआई/एनडीपीएफ सतपुते तथा एफएसएल रेलवे अंधेरी की टीम पहुंची। सहायक सुरक्षा आयुक्त-II कल्याण डी. मोरे ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपनिरीक्षक योगेश कुमार जानी ने दो स्वतंत्र पंचों की उपस्थिति में विधिवत कार्रवाई शुरू की। सहायक सुरक्षा आयुक्त कल्याण डी. मोरे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जीआरपी बांद्रा शाहजी निकम, निरीक्षक आर.के. शर्मा,महिला उपनिरीक्षक अनुष्का पटेल, उपनिरीक्षक प्रभाकर राव एवं आरक्षक विनीत कुमार की मौजूदगी में एफएसएल टीम ने बैग को खोला जांच के दौरान बैग से दो शर्ट, एक जींस, एक कंबल और 31 पैकेट चरस बरामद हुए। सभी पैकेटों का अलग- अलग वजन किया गया, जिसमें कुल वजन 13.834 किलोग्राम पाया गया। प्रत्येक पैकेट को मार्क कर मौके पर ही जांच की गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद उपनिरीक्षक योगेश कुमार जानी द्वारा राजकीय रेलवे पुलिस बांद्रा को शिकायत सौंपी गई।जीआरपी बांद्रा ने तहत धारा 8(सी), 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की सतर्कता, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के चलते करोड़ों रुपये की मादक पदार्थ तस्करी को समय रहते नाकाम कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ट्रेनों के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी जारी रहेगी।

More Stories
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
मुंबई में “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” का भव्य समापन, युवाओं ने दिया विकसित भारत का संकल्प
महापौर की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक, मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा