August 30, 2026

Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

नालासोपारा में युवक की बेरहमी से हत्या, 5 नामजद सहित अन्य पर केस दर्ज

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। शहर में शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात नालासोपारा पश्चिम स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने की है, जहां आरोपियों ने मिलकर युवक पर चाकू और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला किया। मामले में नालासोपारा पुलिस स्टेशन ने अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 189(2), 189(4), 191(1), 191(3), 352, 351(3) के साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 37(3) तथा शस्त्र अधिनियम 1959 की धारा 4 व 25 के अंतर्गत 5 नामजद आरोपियों सहित 4-5 अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

बार में शुरू हुआ विवाद, सड़क पर खत्म हुई जान

पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे नालासोपारा पूर्व स्थित एक बार में शुभम मिश्रा अपने साथियों के साथ बैठा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रोशन सिंह से उसकी कहासुनी हो गई। मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद साजिश रचते हुए शुभम को नालासोपारा पश्चिम के पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने ले जाया गया, जिसके बाद रात करीब 11:30 बजे मोटरसाइकिलों से पहुंचे हमलावरों ने युवक को घेर लिया। आरोप है कि सुनील मालुसरे उर्फ ‘बिगशो’ ने चाकू से जांघ और कूल्हे पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने पत्थरों से सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने जान से

मारने की धमकी देते हुए बर्बर तरीके से मारपीट की।

मौके पर ही बिगड़ी हालत, बाद में मौत

हमले में युवक के सिर, चेहरे और जांघ पर गंभीर चोटें आईं। नाक, मुंह, कान और जांघ से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। हालत नाजुक होने पर उसे पहले नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, फिर उसके बाद एक निजी हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

आरोपियों की तलाश, इलाके में तनाव

इस मामले में रोशन सिंह, जगन मेहंदी, सुनील मालुसरे उर्फ बिगशो, सूरज सिंह उर्फ कबाटे, टिंकल मिश्रा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।