Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

सांसद डॉ. हेमंत सवरा के प्रयास रंग लाए, खांडेश एक्सप्रेस को बोईसर और डहाणू रोड पर मिला ठहराव

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर : पालघर जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सांसद डॉ हेमंत सवरा के लगातार प्रयासों के बाद रेलवे मंत्रालय ने दादर-भुसावल खांडेश एक्सप्रेस (19003/19004) को बोईसर और डहाणू रोड रेलवे स्टेशनों पर ठहराव देने की मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही ट्रेन की सेवा को सप्ताह में 3 दिन से बढ़ाकर 6 दिन कर दिया गया है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग और क्षेत्रीय जरूरतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने कहा कि पालघर जिले के हजारों यात्री लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव और सेवा विस्तार की मांग कर रहे थे। रेलवे मंत्रालय द्वारा मांग स्वीकार किए जाने से अब बोईसर, डहाणू और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई, नासिक, जलगांव और भुसावल की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।

इस निर्णय का स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों ने स्वागत किया है। माना जा रहा है कि ट्रेन के अतिरिक्त ठहराव और बढ़ी हुई सेवाओं से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

रेलवे मंत्रालय के इस फैसले को पालघर जिले के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे हजारों यात्रियों का सफर अब और अधिक सुविधाजनक एवं सुगम होगा।