Sansani ab tak

Hindi News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़, Latest Hindi News, Breaking News,sansani ab tak

मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण

सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार। आगामी मानसून को देखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVCMC) ने नाला सफाई कार्यों में तेजी ला दी है। इसी क्रम में वसई-विरार शहर महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

आयुक्त ने सबसे पहले आचोले स्थित कैपिटल मॉल के पास रेलवे लाइन से सटे नाले की सफाई का निरीक्षण किया। इसके बाद वसई पश्चिम के डीजी नगर उद्यान-दिवानमान क्षेत्र में चेंबर सफाई कार्य तथा बाभोला स्थित दत्तानी मॉल के सामने नाले की सफाई का जायजा लिया। उन्होंने वसई किले के समीप खाड़ी में मिलने वाले नाले का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी नाला सफाई कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। नालों से निकाले गए गाद (सिल्ट) को तत्काल हटाने, जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोधों को दूर करने तथा सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए। कुछ स्थानों पर आवश्यक सुधार कार्य करने और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे, उप आयुक्त अर्चना दिवे, सहायक आयुक्त जितेंद्र नाईक, स्वच्छता निरीक्षक, अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रशासन ने बताया कि मानसून पूर्व तैयारियों के तहत नाला सफाई, सड़क मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और आपातकालीन तंत्र को तैयार रखने के कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालों में कचरा, प्लास्टिक अथवा निर्माण सामग्री न फेंकें तथा शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त रखने में सहयोग करें।