बरसात से पहले काम पूरा नहीं हुआ तो जलभराव से बढ़ेंगी लोगों की परेशानियां
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई-विरार।भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और वसई-विरार शहर महानगर पालिका के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। वसई-विरार के पेल्हार क्षेत्र में लंबे समय से अधूरा पड़ा गटर निर्माण कार्य स्थानीय नागरिकों के लिए चिंता का विषय बन गया है। बरसात नजदीक आते ही लोगों में जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े इस महत्वपूर्ण गटर निर्माण कार्य की रफ्तार पिछले कई महीनों से बेहद धीमी है। कई स्थानों पर खुदाई के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे सड़कें भी बदहाल हो चुकी हैं। नागरिकों का आरोप है कि NHAI और वसई-विरार शहर महानगर पालिका के बीच तालमेल के अभाव में विकास कार्य पूरी तरह अटक गया है और इसका सीधा असर आम जनता के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है।

पेल्हार और आसपास के क्षेत्रों में हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या देखने को मिलती है। ऐसे में यदि समय रहते गटर निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो इस बार हालात और भी खराब हो सकते हैं। स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर पानी भरने लगता है, जिससे घंटों ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है।
रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले युद्धस्तर पर काम पूरा कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय पर ध्यान नहीं दिया गया तो भारी बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव, गंदगी और यातायात अव्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझना पड़ेगा।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणाएं तो की जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर योजनाएं अधूरी पड़ी रहती हैं। जनता अब यह जानना चाहती है कि आखिर जिम्मेदारी किसकी है और कब तक यह अधूरा काम पूरा होगा।
फिलहाल पेल्हार क्षेत्र के नागरिकों की नजरें प्रशासन और संबंधित विभागों पर टिकी हुई हैं। अब देखना यह होगा कि बरसात से पहले यह महत्वपूर्ण गटर निर्माण कार्य पूरा होता है या फिर हर साल की तरह इस बार भी जनता को जलभराव और परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण