भाजपा विधायक स्नेहा दुबे पंडित के हस्तक्षेप पर प्रशासन हरकत में, जुलाई तक सभी लंबित प्रकरण निपटाने का लक्ष्य
सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
वसई। भूमि सर्वेक्षण और हद्द कायम जैसे मामलों में लंबे समय से हो रही देरी से परेशान नागरिकों को गुरुवार को बड़ी राहत मिली, जब वसई विधानसभा की विधायक स्नेहा दुबे पंडित के नेतृत्व में वसई तहसीलदार कार्यालय में विशेष ‘जनसंवाद’ दिन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे विधायक के समक्ष रखीं, जिस पर प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान करीब 70 से 80 नागरिकों ने प्रलंबित भूमि सर्वेक्षण, पोटहिस्सा और हद्द कायम से जुड़े मामलों की शिकायतें दर्ज कराईं। विधायक ने उपअधीक्षक भूमी अभिलेख अमोल बदडे के साथ विस्तृत चर्चा कर लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए। कई ऐसे आवेदकों को, जिन्होंने शुल्क जमा करने के बावजूद सर्वेक्षण की तारीख नहीं पाई थी, मौके पर ही तारीखें और नोटिस की प्रतियां सौंप दी गईं।

समीक्षा के दौरान भूमी अभिलेख कार्यालय में अप्रैल अंत तक कुल 475 प्रकरण लंबित पाए गए। इनमें से 228 मामलों को मई 2026 के अंत तक तथा 151 मामलों को 15 जून तक निपटाने का लक्ष्य तय किया गया। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जुलाई अंत तक कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन को नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच मजबूत संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान करना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है।
इस दौरान विधायक ने उन नागरिकों से भी अपील की, जो किसी कारणवश जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन मोजणी शुल्क जमा करने के बावजूद तारीख नहीं मिली है, वे भूमी अभिलेख कार्यालय से संपर्क कर नोटिस प्राप्त करें।
कार्यक्रम में उपअधीक्षक भूमी अभिलेख अमोल बदडे, शिरस्तेदार हनुमंत देशमुख, परिरक्षण भूमापक हर्षल खराटे सहित बड़ी संख्या में नागरिक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को राहत देने वाला कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन की सक्रियता से वर्षों से अटके प्रकरणों को अब तेजी से समाधान मिलेगा।

More Stories
नालासोपारा में वायरल झूठा मैसेज ने मचाया बवाल, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई तेज
पालघर में पीएम मोदी और सनातन विरोधी पोस्ट से भड़का बजरंग दल, आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मानसून से पहले VVCMC अलर्ट: आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण