जयपुर। राजस्थान में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर पुलिस मुख्यालय से 42 महिला पीसीआर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और साफ संदेश दिया—अपराध के खिलाफ किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि राज्य में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने महिला हेल्पलाइन 1090 को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न, हिंसा और शोषण के मामलों में पीड़ितों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। पीसीआर वैन के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की। बैठक में संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क, साइबर क्राइम, नशा तस्करी और नकल माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा। अपराधियों से एक कदम आगे रहने के लिए टेक्नोलॉजी आधारित निगरानी और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया गया। बैठक में ट्रैफिक प्रबंधन को भी प्राथमिकता दी गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर जाम और अव्यवस्था को खत्म कर आमजन को राहत दी जाए। नई महिला पीसीआर वैन 24 घंटे सड़कों पर तैनात रहेंगी। इनमें जीपीएस, मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT), फोल्डिंग स्ट्रेचर और एलईडी लाइट बार जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया संभव होगी। इन वैन को अभय कमांड सेंटर से जोड़ा गया है, जो डायल 112 की तर्ज पर काम करता है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित पीसीआर वैन को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा, जिससे रिस्पॉन्स टाइम में सुधार होगा। इस मौके पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के आईजी और एसपी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े। मुख्यमंत्री के सख्त तेवरों से साफ है कि राजस्थान में अब अपराधियों के लिए कोई नरमी नहीं होगी। सरकार एक ओर अपराध पर शिकंजा कसने की तैयारी में है, वहीं दूसरी ओर आम जनता—खासतौर पर महिलाओं—को सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल देने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

More Stories
बीएसएनएल डायरेक्टर के ‘शाही शौक’ पर घमासान
भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
महाविकास अघाड़ी नेताओं ने भारत अघाड़ी बैठक की तैयारियों पर की समीक्षा