सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
पालघर। भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा भारतीय संविधान के माध्यम से दिए गए स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के मूल्यों का संदेश आज भी समाज को दिशा दे रहा है। संविधान के अनुच्छेद 46 के तहत वंचित और कमजोर वर्गों के शैक्षणिक व आर्थिक उत्थान की जिम्मेदारी राज्य पर है, जिसे लेकर शासन निरंतर सक्रिय है।
इसी पृष्ठभूमि में राज्य शासन के निर्देशानुसार 8 से 14 अप्रैल तक ‘भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सामाजिक समता सप्ताह’ मनाया जा रहा है। पालघर जिले में इस सप्ताह का शुभारंभ उत्साह और गरिमा के साथ किया गया।
जिलाधिकारी कार्यालय के समिति सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड़ ने की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी डॉ. जाखड़ ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों में शासन के निर्देशानुसार विविध कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने कहा कि 8 से 14 अप्रैल के बीच डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर तथा महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती के उपलक्ष्य में जनजागरूकता अभियान, शैक्षणिक गतिविधियां और सामाजिक समता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएं।
कार्यक्रम में डहाणू एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी विशाल खत्री, अतिरिक्त जिलाधिकारी भाऊसाहेब फटांगरे तथा निवासी उपजिल्हाधिकारी सुभाष भागडे की प्रमुख उपस्थिति रही।
इस दौरान समाज कल्याण सहायक आयुक्त पांडुरंग वाबले द्वारा सभी अतिथियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की प्रतिकृति भेंट स्वरूप प्रदान की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

More Stories
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
मुंबई में “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” का भव्य समापन, युवाओं ने दिया विकसित भारत का संकल्प
महापौर की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक, मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा