अंडरगार्मेंट्स-हेयर ऑयल तक की लिस्ट वायरल, मंत्री सिंधिया ने दौरा रद्द कर थमाया नोटिस
नई दिल्ली। बीएसएनएल (Bharat Sanchar Nigam Limited) के एक वरिष्ठ अधिकारी के ‘वीआईपी प्रोटोकॉल’ ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। कंपनी के बोर्ड निदेशक विवेक बंसल के प्रयागराज दौरे से पहले जारी आदेश में उनके लिए विशेष इंतजामों की लंबी सूची सामने आई, जिसमें स्नान किट से लेकर अंडरगार्मेंट्स और बालों के तेल तक की व्यवस्था शामिल थी। आदेश वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। सूत्रों के अनुसार, 25-26 फरवरी को प्रस्तावित दो दिवसीय दौरे के लिए करीब 50 अधिकारियों को 20 अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। प्रयागराज पहुंचने पर संगम स्नान, नाव की सवारी और प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश थे। सबसे अधिक विवाद ‘स्नान किट’ को लेकर हुआ। वायरल आदेश के मुताबिक किट में तौलिया, अंडरगार्मेंट, चप्पल, कंघी, शीशा और बालों के तेल की बोतल शामिल करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा घाट पर उपयोग के लिए चादर तथा होटल/सर्किट हाउस में ड्राई फ्रूट्स, फलों की टोकरी, शेविंग किट, टूथपेस्ट और शैंपू जैसी वस्तुओं की व्यवस्था भी सूचीबद्ध थी। मामला सामने आते ही केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे “गलत, अस्वीकार्य और चौंकाने वाला” बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विवाद बढ़ने के बाद विवेक बंसल का प्रयागराज दौरा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया। साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। सरकार ने इस प्रकरण को प्रशासनिक शुचिता और जवाबदेही से जोड़ते हुए स्पष्ट संकेत दिया है कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में ‘वीआईपी कल्चर’ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि मामले की आंतरिक जांच भी की जा सकती है। यह प्रकरण ऐसे समय सामने आया है जब सार्वजनिक संस्थानों में पारदर्शिता और मितव्ययिता पर जोर दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इस आदेश को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि विवेक बंसल की ओर से नोटिस का क्या जवाब दिया जाता है और आगे प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है।

More Stories
राजस्थान में ‘जीरो टॉलरेंस’ की दस्तक, अपराधियों पर सख्ती का नया खाका
भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
महाविकास अघाड़ी नेताओं ने भारत अघाड़ी बैठक की तैयारियों पर की समीक्षा