सनसनी अबतक | विशेष प्रतिनिधि
नालासोपारा: मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की सीमा में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार देर रात 31 वर्षीय शुभम मिश्रा उर्फ ‘बाबा’ की पत्थरों और चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है।

शुभम मिश्रा नालासोपारा पूर्व के शिर्डी नगर के निवासी थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व उनका कुछ युवकों से विवाद हुआ था। शुक्रवार रात वह अपने मित्रों के साथ एक होटल में बैठे थे, जहां पुराने विवाद को लेकर दोबारा कहासुनी हुई। इसी रंजिश ने कथित रूप से हिंसक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे शुभम को सिगरेट पीने के बहाने नालासोपारा पश्चिम स्थित हनुमान मंदिर के सामने एक टपरी के पास बुलाया गया। वहां पहले उनकी जांघ पर चाकू से वार किया गया, उसके बाद सिर और चेहरे पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में नालासोपारा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 189(2), 189(4), 191(1), 191(3), 352, 351(3) के साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1), 37(3) तथा शस्त्र अधिनियम 1959 की धारा 4 व 25 के अंतर्गत अपराध पंजीकृत किया गया है।
6 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सूरज अरविंद सिंह उर्फ कबाड़े (26), प्रथम दीपक कारंडे (22), सागर ममराज चव्हाण (27), दिनेश राजन चंदेलिया (30), अमित जितेंद्र झा (21) और रोशन सिंह का नाम शामिल हैं। सभी आरोपियों को 23 फरवरी 2026 को वसई सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 2 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अब इस हत्याकांड की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वारदात केवल पुरानी रंजिश का परिणाम थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है।
कई सवाल अब भी अनुत्तरित
▪️क्या यह हत्या केवल व्यक्तिगत विवाद का परिणाम थी?
▪️क्या इसके पीछे निजी लाभ या स्वार्थ का कोई कोण है?
▪️क्या किसी राजनीतिक या प्रशासनिक कनेक्शन की भी जांच होगी?
शहर में चर्चा का बाजार गर्म है, लेकिन आधिकारिक रूप से पुलिस ने अभी किसी अन्य एंगल की पुष्टि नहीं की है। अब नजर इस बात पर टिकी है कि जांच एजेंसियां किन-किन पहलुओं को खंगालती हैं और इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा कब तक उठता है।

More Stories
पेल्हार पुलिस का अपराध के खिलाफ सख्त एक्शन, गुंडागर्दी पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
वसई-विरार में बिजली संकट पर उच्चस्तरीय बैठक, समाधान के लिए ठोस कदमों के निर्देश
आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती, 6 एंबुलेंस का लोकार्पण